राजापुर(चित्रकूट)। घर से ट्यूबवेल जाने को निकले किसान का शव 24 घंटे बाद पुरवा के नाले के पास पड़ा मिला। उसके शरीर के कुछ हिस्सों से खून निकलता देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच व रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
थानाक्षेत्र के छींबो निवासी विनोद कुमार श्रीवास उर्फ पप्पू (38) पुत्र रामसजीवन सोमवार की शाम को घर से ट्यूबवेल की ओर जाने को कहकर निकले थे। उसके पुत्र कोमल श्रीवास ने बताया काफी रात तक जब वह नहीं लौटे तो उनके मोबाइल पर फोन किया गया। जिस पर पिता ने बताया कि वह राजापुर में मामा के घर आ गए हैं। सुबह घर आएंगे। इसके बाद मंगलवार की दोपहर को उनका शव छिवाइनदाई के हार के पुरवा में मिला। इसकी जानकारी होते ही सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे एसआई संतशरण ने शव का पंचनामा कराया।
मृतक किसान के दो पुत्र हैं। उसके परिजनों ने दावा किया है कि उसकी हत्या कर शव फेंका गया है। फिलहाल किसी पर शक नहीं जताया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की जानकारी होगी। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।