चित्रकूट। वन दरोगा के अपहृत पुत्र की हत्या मामले में पुलिस ने पिता पुत्र समेत पांच के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें दो को पुलिस ने पकड़ने का दावा भी किया है। शनिवार को परिजनाें व पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम हुआ।
गौरतलब है कि कोतवाली क्षेत्र के अमानपुर गांव निवासी वन दरोगा अर्जुन केवट के बड़े पुत्र कुंजल उर्फकुंजबिहारी को छह मई को गांव के ही कुछ दोस्त घर से लिवा ले गए थे। इसके बाद उसकी हत्या कर शव देवागंना मार्ग के पास जंगल में फेंककर भाग गए। शुक्रवार को पुलिस ने शव का आधा हिस्सा बरामद किया।
दरअसल जानवर मांस खा गए थे जिससे कंकाल ही मिला और परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शिनाख्त की। शनिवार को कोतवाली में मृतक के पिता ने गांव के ही दिलीप यादव, शिवऔतार, पट्टू केवट, राकेश उर्फ गिल्ली केवट व खुद्दा केवट के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों में पट्टू व गिल्ली भाई हैं और खुद्दा उनका पिता है।
कोतवाल मो.शरीफ खान ने बताया कि इस मामले में खुद्दा समेत दो लोगों को पकड़ा गया है। अभी तक यही कहानी समझ में आई है कि आरोपी कुंजल को घर से ले गए। इसके बाद सीतापुर में कहीं शराब पी और जुआं खेला गया।
इसी दौरान आपस में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। टेपों से कुंजल लौट रहा था तो बाइक से आए दो युवकों ने रास्ते में उसे उतार कर बाइक में बैठा लिया। इसके बाद देवागंना मार्ग पर ले जाकर मार दिया। झाड़ियों में फेंकने के पहले हत्यारोपियों ने उसके मौत की पुष्टि के लिए पत्थरों से कुंजल का सिर कुचला।
मौके से रक्तरजिंत पत्थर बरामद हुआ है। यह भी बताया गया है कि मृतक के परिवार का खुद्दा के परिवार से कुछ माह पूर्व सड़क किनारे लगे पेड़ को काटने को लेकर मारपीट तक हुई थी।