मानिकपुर(चित्रकूट)। ढाई लाख के इनामी बबुली कोल डकैत गैंग ने प्रधान प्रति को घर से घसीट कर बंदूकों की बट से पीटा। प्रधान पति को बचाने आए उसके चाचा को भी डकैतों ने जमकर धुना। मानिकपुर थाना क्षेत्र के गिदुरहा गांव में सोमवार रात डकैतों ने यह वारदात अंजाम दी । डकैतों से खौफजदा चाचा-भतीजे ने पुलिस को घटना की सूचना तो दी लेकिन रिपोर्ट लिखाने से इंकार कर दिया।
थाना क्षेत्र के गिदुरहा गांव में बीती रात बबुली कोल गैंग आ धमका। ग्रामीणों के मुताबिक डकैत सीधे प्रधान मालती देवी के घर पहुंचे। डकैतों ने घर का दरवाजा खुलवा कर प्रधान पति रघुनंदन से गालीगलौज कर उसे बंदूकों की बटों से पीटना शुरू कर दिया। रघुनंदन के चीखने-चिल्लाने के बावजूद गांव में कोई ग्रामीण अपने घर से नहीं निकला । रघुनंदन के चाचा बाबूलाल ने हिम्मत बटोर कर डकैतों को रोकने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने उसे भी जमकर पीटा।
जाते-जाते डकैत प्रधान पति को रकम न पहुंचाने पर जान से मारने की धमकी दे गए। बबुली कोल गिरोह के गांव से बाहर जाते ही पिटाई से अधमरे चाचा-भतीजे परिजनों की मदद से मानिकपुर थाने पहुंचे। सूचना पर पुलिस टीम जंगल की और तो गई लेकिन डकैतों का सुराग नहीं लगा। थानाध्यक्ष मनीष जाट ने बताया डकैतों से पिटने के बावजूद प्रधान पति ने रिपोर्ट लिखाने से इंकार कर दिया।