चित्रकूट। गनीवां चौकी क्षेत्र के नकेहली के ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी पर कुछ ग्रामीणों के साथ चबूतरा तोड़ने व धमकी देने का आरोप लगाया है। सोमवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। एसडीएम व राजस्व विभाग के अधिकारियों से जमीन की नापजोख कराई जाएगी।
नकेहली गांव के कल्लू, लवलेश, मैकू, सुरेश, ननकू, गरीबिया, चंदा देवी, शोभा, समनिया, दुजिया व राधा आदि सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में न मिल पाने पर ग्रामीण डीएम कार्यालय पहुंच गए। डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि गांव का उमाशंकर उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा करना चाहता है। रविवार की शाम आरोपी ने गनीवां चौकी प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ उनका चबूतरा तोड़ दिया। इसका विरोध करने पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर चुप रहने को कहा, जिससे कोई विरोध नहीं कर पाया। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने एसपी को मामले की जानकारी देकर प्रभावी कार्रवाई को कहा। एसपी प्रताप गोपेंद्र ने बताया कि राजापुर थानाध्यक्ष को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है। उधर राजापुर थानाध्यक्ष वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दो पक्षों कल्लू व उमाश्ंाकर का जमीन पर कब्जा का विवाद है। उमाशंकर की शिकायत पर गनीवां चौकी से चौकी प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी गांव गए थे लेकिन धमकी देने या चबूतरा गिराने के आरोप गलत हैं। पूछताछ की जा रही है। जमीन का मामला होने पर दोनों पक्ष से शंाति बनाए रखने को कहा गया है। एसडीएम व राजस्व विभाग को इसकी जानकारी देकर नापजोख कराने को कहा गया है।
-------------------------------------------------