जिले की सीमा से सटे मप्र, रीवा के कटाई गांव से डाकू बबुली कोल गैंग ने एक किसान का अपहरण कर 50 लाख की फिरौती मांगी है। रीवा के एसपी व अपर एसपी ने अपहृत को छुड़ाने के लिए तीन पुलिस टीमें गठित कर जंगल में कांबिंग की है।
जानकारी के अनुसार बुधवार मध्य रात्रि मानिकपुर की सीमा से सटे कटाई गांव में छह से अधिक डाकू आ धमके। गांव के किसान ललित सिंह (57) पुत्र विजयराज सिंह के घर के बाहर घेराबंदी की। बाहर सो रहे नौकर गुड्डा को जगाकर धमकी दी और उससे मालिक को किसी बहाने घर से बाहर बुलाने को कहा। गुड्डा ने बताया कि उसने जान बचाने की गरज से मालिक ललित सिंह को आवाज देकर बुलाया। उसकी आवाज सुनकर ललित सिंह मोबाइल लेकर बाहर आए। ललित के बाहर आए तो अगल-बगल खड़े डाकुओं ने उन्हें दबोच लिया और असलहों के बल पर जंगल की ओर ले गए। डाकुओं के कुछ जाने ही गुड्डा ने घर के अंदर जाकर ललित के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने तुरंत पुलिस सूचना दी गई। जानकारी होते ही देर रात को रीवा एसपी ललित शाक्यवार और अपर एसपी शिवकुमार सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। साथ ही जंगल की ओर पुलिस भी टीम गई लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस दौरान परिजन व पुलिस अपहृत के मोबाइल पर फोन लगाते रहे लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
गुड्डा के अनुसार गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे उनका मोबाइल एक बार उठा तो उन्होेंने कराहते हुए कहा कि वह बाद में घर आएंगे। इसके बाद एक फोन आया जिसमें डकैतों ने 50 लाख की फिरौती मांगी है। यह भी कहा कि जगह व समय बाद में बताएंगे। रीवा एसपी ने बताया कि अज्ञात बदमाश हैं, लेकिन सीमा क्षेत्र में डाकू बबुली कोल गैंग का मूवमेंट की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। इस कांड मेें एक भोंडा कोल का भी नाम आया है जो बबुली गैंग के साथ रहता है।