रोडवेज बस चालक ने की यात्रियों से अभद्रता
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। बांदा डिपो बस चालक ने नशे में बस चला रहा था यात्रियों ने उसे टोका नाराज चालक ने महिला यात्री समेत अन्य यात्रियों से अभद्रता कर बस खड़ी कर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को पकड़ लाई। यात्रियों को अन्य बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
कानपुर से चित्रकूट तक चलने वाली बांदा डिपो की शटल बस रविवार की रात चित्रकूट पहुंची रात लगभग 9 बजे बांदा की ओर जाने को बस रवाना हुई तो सवार कई यात्रियों ने परिवार के कुछ यात्रियों के आने का इंतजार करने को कहा। इसके बाद चालक बांदा निवासी अशोक सिंह बस से उतरकर कहीं चले गए। कुछ देर बाद लौटे तो सीधे बस को लेकर चल दिए। लगभग 200 मीटर आगे जाने पर परिचालक पंकज कुमार के बस में न होने की जानकारी पर बस रोक दी। इसी बीच कुछ यात्रियों ने चालक से कहा कि वह शराब पिये है और इसी नशे में परिचालक को लिए बिना चलने का आरोप लगाया। बस सवार यात्री देवेंद्र कुमार व सुरेश कुमार ने बताया कि इसके बाद चालक ने यात्रियों को गाली दी और चालक सीट से उठकर यात्रियों की तरफ आकर कहा कि जिससे शिकायत करना हो कर दो वह किसी से नहीं डरता। इसी बीच उसने कुछ महिलाओं से अभद्रता भी की। यात्रियों ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। इसी बीच कोतवाली पुलिस टीम भी पहुंची। दरोगा शिशिर कुमार ने बताया कि चालक को पकड़कर कोतवाली लाया गया और उसे खिलाफ कार्यवाही की गई है।