सगे भाइयों को कुल्हाड़ी व लाठी से मारापीटा
अमर उजाला ब्यूरो
मानिकपुर। शराब के लिए पैसे न देने पर एक युवक की कुछ लोग पिटाई कर रहे थे। युवक को बचाने पहुंचे सगे भाइयों को भी आरोपियों ने कुल्हाड़ी लाठी से मारकर लहूलुहान कर दिया। दोनों घायल भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है।
थानाक्षेत्र के वाल्मिकीनगर पूर्वी निवासी धीरज सोनकर व परमेंद्र सोनकर पुत्रगण रामसजीवन ने बताया कि रविवार की शाम को मोहल्ले के कुछ युवक उनके घर में किराए पर रहने वाले युवक के कमरे में घुसे और उससे शराब के लिए पैसे की मांग कर रहे थे। युवक ने मना किया तो उसकी पिटाई करने लगे। जानकारी होते ही वह दोनों भाई बचाने पहुंचे। आरोपी पांचों युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। थानाध्यक्ष केपी दुबे ने बताया कि आरोपी चुगलू, राजेंद्र, अजय, मनोज व मनमौजी के खिलाफ तहरीर मिली है। घायलों का इलाज जारी है।