चित्रकूट। डाकू ललित पटेल गैंग की दहशत के चलते जिले के सीमावर्ती थरपहाड़ पुरवा से आधा दर्जन ग्रामीणों के परिवार ने पलायन किया है। मप्र सतना पुलिस के तमाम आश्वासन के बावजूद ग्रामीणों में डकैतों की धमकी का भय व्याप्त है। पलायन करने वालों में मृतक मुन्ना यादव का परिवार भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को मृतक मुन्ना के पिता पूरन व भाई पप्पू के साथ कल्लू यादव, जयकरन,प्रेमलाल,सत्यनारायण, सुरेंद्र व भगवानदीन परिवार समेत स्फटिक शिला के पास ट्रैक्टर लेकर बैठे रहे। पप्पू ने बताया कि पुलिस के साथ वह सब गांव से समान लेने जाएंगे। इसकी जानकारी होने पर एसडीओपी आलोक शर्मा नया गांव थाना पुलिस के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा देकर पुरवा में ही रहने को प्रेरित किया।
दहशतजदा ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस के साथ डाकू गैंग आंख मिचौली कर आए दिन पुरवा न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पप्पू ने बताया कि डाकू ललित गैंग ने उसके भाई मुन्ना समेत तीन ग्रामीणों का अपहरण कर मार डाला था। इसके बाद तीनों को कोल्हुआ जंगल में जलकर अन्य परिजनों को पुरवा छोड़ने की धमकी दी थी। जिस पर मुन्ना की तेरहवीं के बाद पुरवा में परिजनों के मिलने पर जान से मारने का संदेश भेजा था। जिससे उसका और आसपास का परिवार भयभीत है। पुलिस पर भरोसा तो है लेकिन कुछ दिनों के लिए रिश्तेदारों के घर जाकर रहेंगे। इस मामले में एसडीओपी नया गांव ने बताया कि किसी भी ग्रामीण की सुरक्षा पुलिस करेंगी समय से सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाती है। जल्द ही डाकू गैंग को मार गिराया जाएगा।
दहशतजदा ग्रामीणों ने पुरवा से किया पलायन
:- पुलिस ने सुरक्षा का दिया भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो