बैंक के सामने लूटने का प्रयास, मारा पीटा
चित्रकूट। शहर के सेंट्रल बैंक शाखा से नगदी निकालकर जा रहे कानपुर के बर्रा निवासी आलोक गौतम को तीन अज्ञात युवकों ने पकड़कर लूटने का प्रयास किया। पीड़ित ने किसी तरह उनसे मुकाबला कर बचाने की गुहार लगाई। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी धमकी देकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ कर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कानपुर निवासी आलोक ने बताया कि सोमवार को जब वह बैंक से नगदी निकालकर बाहर आए तो एक बाइक में सवार तीन युवक आए और उसका बैग छीनने का प्रयास किया। किसी तरह वह बैग बचाने में सफल रहा तो आरोपी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और मारने लगे। इसी बीच आसपास के कुछ लोग आए तो उसकी जान व नगदी दोनों बच गई। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि मामला लूट का नहीं लगता है। शिकायतकर्ता से संभवता आरोपियों की पहले से कुछ लड़ाई है। इसी के चलते विवाद हुआ है। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।