जेल से रिहा युवक लापता
मऊ। तहसील क्षेत्र के ग्राम बियावल के मजरा मेड़िया का डेरा निवासी शिव प्रताप पुत्र पीतांबर ने पुत्र के लापता होने पर डीएम समेत संबंधित अधिकायिों को पत्र भेजकर सकुशल बरामद कराने की गुहार लगाई है। पीड़ित ने बताया कि पुत्र राधेश्याम (35) धारा 363, 366 आईपीसी में जिला जेल में निरुद्ध था। उच्च न्यायालय प्रयागराज के आदेश पर कर्वी न्यायालय से जमानत पर रिहा करने का आदेश जिला जेल भेजा गया था। परवाना पहुंचने पर रिहाई तो हो गई, लेकिन अभी तक घर नहीं पहुंचा। जिससे परिजन बेहद परेशान है। संबंधित अधिकारियों से तलाश की फ रियाद लगाई है। पीड़ित पिता शिव प्रताप ने जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर पुत्र को बरामद कराने की गुहार लगाई है। ब्यूरो
परेशान महिला ने एसपी से की शिकायत
भौंरी। थाना रैपुरा के ग्राम बांधी की पीड़िता अंजू देवी उर्फ ममता पुत्री हरदास ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे पत्र में बताया कि वर्ष 2017 में जगरूप पुत्र बुद्धिमान निवासी अतरौली थाना राजापुर के साथ हुआ। वह विदा होकर ससुराल पहुंची तो वहां मात्र तीन दिन रही। ससुरालीजनों ने दहेज कम मिलने के चलते प्रताड़ित किया। धमकी दिया कि 50 हजार रुपये व एक भैंस मायके से लेकर आओ तभी रखेंगे। अन्यथा पुत्र की दूसरी शादी करेंगे। पीड़ित विवाहिता ने बताया कि फिर ससुराल जाने पर मांगा गया दहेज न मिलने पर जमकर मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी। कुछ दिनों बाद जान से मारने का असफल प्रयास किया। इस पर गांव के लोग आ गए। बताया कि ससुरालीजनों ने पीटाई कर सारे गहने छीन लिए और पति उसकी बहन के यहां छोड़ आया। पिता को सूचना देकर जानकारी दी। तब से वह मायके में रहकर मजदूरी से भरण पोषण करती है। पीड़िता ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ससुराली लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की फ रियाद लगाई है।