चित्रकूट। मां के साथ मुख्यालय में खरीददारी करने आए परसौंजा गांव निवासी प्रीतम माली का बाइक समेत अपहरण हो गया। जानकारी होते ही परिजनों समेत पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। दो पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर छापे मारकर कर अपहरण करने के शक पर आरोपियों के परिजनों को पकड़ा है।
पहाड़ी थानाक्षेत्र के परसौंजा निवासी आशादेवी पत्नी मुन्नालाल माली ने बताया कि मंगलवार की दोपहर को वह अपने छोटे पुत्र प्रीतम के साथ बाइक से मुख्यालय में होली की खरीदारी करने आई थी। शंकर बाजार ओवरब्रिज के पास की एक दुकान बंद होने के कारण उसे सड़क किनारे बैठा दिया। इसके बाद प्रीतम बाइक से सदर कोतवाली क्षेत्र के नई दुनिया के पास से सामग्री लेने गया। वहां से देर शाम तक नहीं लौटा। इसी बीच मां के पास उसके पुत्र प्रीतम का फोन आया कि उसका कुछ लोगोें ने अपहरण कर लिया है। गांव में सबको सूचना देने के बाद परिजन कोतवाली पहुंचे। तब से लेकर अब तक प्रीतम का मोबाइल स्विच आफ है।
अपहृत के परिजनों ने आरोप लगाया कि सिंहपुर गांव के कुछ लोगों ने प्रीतम का अपहरण किया है। कोतवाली में बुधवार को परिजनों ने बताया कि आरोपियों के परिवार की एक महिला गायब हो गई है। जिस पर शक होने पर ही प्रीतम का अपहरण कर फिरौती भी मांगी गई है। इधर अपहरण होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा एलर्ट हो गया। अपर एसपी बलवंत चौधरी, सीओ सिटी रजनीश यादव व कोतवाल अनिल सिंह ने परिजनों के बयान के आधार पर सिंहपुर गांव से कई लोगाें को पकड़ा है। उनसे पूछताछ चल रही है। अपर एसपी ने बताया कि मामला पूरी तरह से जानकारी में आ चुका है। दरअसल एक महिला के गायब होने पर आरोपी पक्ष के लोगों ने साजिश रचकर महिला के साथ गायब होने वाले गांव के युवक के रिश्तेदार प्रीतम माली को पकड़वाया है। सर्विलांस व अन्य माध्यम से पुलिस छानबीन कर रही है।