खागा। नगर पंचायत किशनपुर के वार्ड नंबर पांच सभासद मनोज शुक्ला के घर में आबकारी, एसओजी और किशनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। घर से अवैध शराब लाकर दूसरी बोतलों में पैकिंग करने का भंडाफोड़ हुआ। टीम ने यहां से पैकिंग मशीन, नकली ढक्कन, रैपर, खाली बोतल व 48 अद्धी रायल स्टेक शराब पकड़ी। इसके साथ ही एक दूसरे घर में दबिश देकर यहां से 4 किलो गांजा भी बरामद किया।
आबकारी निरीक्षक खागा बृजेंद्र पटेल मंगलवार को फतेहपुर से एसओजी को लेकर किशनपुर थाने पहुंचे और यहां से पुलिस को साथ लिया। टीम ने सभासद मनोज शुक्ला के घर पर दबिश की। बृजेंद्र पटेल ने बताया कि उनके घर से 48 अद्धी रॉयल स्टैगक शराब, 24 नकली ढक्कन, 60 खाली सीसी व नकली रैपर और एक पैकिंग मशीन
बरामद किया गया है। जांच में पाया गया कि अवैध नकली देशी शराब को केमिकल के जरिए बदलकर उसे रॉयल स्टैक की बोतल में भरकर बिक्री करने काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से सभासद मनोज शुक्ला के पिता रमेश शुक्ला, भाई शिवम शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम ने कस्बे के ही उत्तम सिंह के घर पहुंचकर दबिश दी। टीम को यहां से 4 किलो गांजा मिला, मौके से उत्तम सिंह बचकर निकल गए। टीम ने सारा माल जब्त कर लिया और कोतवाली लाकर जांच की। इसके बाद रमेश व उनके पुत्र शिवम के खिलाफ नकली शराब बनाने, डुप्लीकेट बोतल, रैपर का प्रयोग करने की रिपोर्ट दर्ज की गई। इसी क्रम में उत्तम सिंह के खिलाफ गांजा रखने का रिपोर्ट दर्ज की गई है। उत्तम सिंह को पुलिस को खोज रही है। एसओ संदीप तिवारी ने बताया कि दो मुकदमे दर्ज हुए हैं और इसकी जांच कराई जा रही है।
..........................
इनसेट
नाक के नीचे अवैध कारोबार पर किरकिरी
संयुक्त टीम ने जिन घरों पर छापेमारी कर अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। वह जगह थाना से महज 100 कदम भी नही होगी। बड़े स्तर पर चल रहे इस कारोबार का भंडाफोड़ होते ही पुलिस अफसरों की नजर थाना पुलिस पर आ गई। इतना ही नहीं थाना पुलिस की जमकर किरकिरी भी हो गई है, क्योंकि यह कार्रवाई आबकारी विभाग की ओर से की गई। ऐसे में थाना पुलिस की सत्यनिष्ठा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
.........................