कबाड़ की दुकान से रेलवे की सामग्री बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। लाखों रुपये की रेलवे की संपत्ति रैपुरा गांव के एक कबाड़ की दुकान में मिली। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने दो आरोपियों को दबोच लिया जबकि एक भागने में सफल रहा। दुकान से पुलिस ने लोहा व अन्य सामग्री बरामद की है।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ प्रभारी केपी मिश्रा ने रैपुरा थाने के एसआई अरविंद सिंह के साथ रैपुरा गांव की कबाड़ की दुकानों में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। पुलिस टीम ने रैपुरा निवासी राहुल सोनकर पुत्र दुर्जन व नांदिन कुर्मियान निवासी मिथलेश सोनकर पुत्र बद्री को दबोच लिया जबकि एक अन्य युवक भागने में सफल रहा। पुलिस टीम ने दुकान में खोजबीन के दौरान एक क्विंटल से अधिक लोहे की सामग्री व अन्य कीमती सामग्री भी बरामद की है। जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। आरपीएफ प्रभारी मिश्रा ने बताया कि भागे आरोपी की तलाश की जा रही है। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।