अमर उजाला ब्यूरो
पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के एक गांव के ही दो तीन युवकों पर पुत्री का अपहरण कर 19 दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पकड़े जाने के बाद भी पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। उधर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने ही सबको बरामद किया लेकिन अभी तक पीड़ित पक्ष ने कोई तहरीर ही नहीं दी है तो किस आधार पर कार्रवाई की जाए।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में चौरा गांव के एक निवासी ने बताया कि गांव के ही तीन युवक उसकी 16 साल की पुत्री को 10 जून की सुबह शौच क्रिया के लिए खेत की ओर जाते समय पकड़ लिया था। इसके बाद उसका अपहरण कर ले गए। जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को किशोरी समेत 29 जून को शंकरगढ़ से पकड़कर लाई। इसके बाद पुत्री ने पूरी घटना की जानकारी दी। किशोरी के पिता ने आरोप लगाया कि तीन दिन से पुलिस थाने जाकर आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता है। उधर इस मामले में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया कि आरोप गलत हैं। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर किशोरी को परिजनों को सौंपा है। अब परिजन यदि दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखाना चाहते हैं तो थाने में तहरीर दें। फिलहाल थाने में कोई तहरीर नहीं मिली है।