फिरौती में मिली पहली किश्त के साथ प्रयागराज गया था लकी
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। जुड़वा बच्चाें की अपहरण के बाद हत्या मामले की सुनवाई का काम फास्ट ट्रैक कोर्ट में शुरू हो गया है। जिसमें पहले दिन तीन गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। मुख्य हत्यारोपियों के अलावा अब अन्य चश्मदीदों पर भी पुलिस और अदालत ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले दिन यह सामने आया कि फिरौती की रकम मिलने के बाद एक आरोपी अपने हिस्से की प्रथम किश्त लेकर प्रयागराज अपने दोस्त अभिषेक द्विवेदी के घर गया था। जहां बैग मेें रुपये वहीं रखा था लेकिन पुलिस वहां तक पहुंच गई। इसके अलावा भभुआ के रोहित द्विवेदी की बाइक से ही फिरौती लेने राजू व पदमकांत शुक्ला आए थे। जिसे लौटते समय अतर्रा के पास ही एक युवक ने फोटो खंीचकर पुलिस को दिया था। जिससे आरोपी को पकड़ा गया था। इसके अलावा अतर्रा के जिस मकान में बच्चों को रखा गया उस मकान मालिक रवि त्रिपाठी ने बताया कि यह पदमकांत शुक्ला ही किराए पर मकान लेने आया था और अपना नाम अपूर्व यादव बताया था। यह भी कहा था कि परिवार के बच्चों का इलाज कराना है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट सतना की अदालत में गुरुवार को इन तीनों गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। तीनों के इन्हीं बयान पर अभी तक फिलहाल यह पुष्ट हुआ कि आरोपी कितने शातिर थे। हर जगह उन्होंने योजना बनाकर काम किया था ताकि पुलिस की पकड़ में न आने पाएं।