पांच लाख के इनामी को तलाश रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। बारिश के बाद भी डाकुओं की तलाश में पुलिस पाठा क्षेत्र व भरतकूप में कांबिंग कर रही है। सोमवार को मारकुंडी व बहिलपुरवा थाना क्षेत्र से सटे जंगलों में टीम ने साढ़े पांच लाख के इनामी डाकू बबुली कोल गैंग की तलाश की। इसके अलावा जंगल से सटे गांवों मेें ग्रामीणोें से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया।
पुलिस अधीक्षक मनोज झा, अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी सहित मानिकपुर थानाध्यक्ष केपी दुबे, बहिलपुरवा थानाध्यक्ष साजिद खान व मारकुंडी थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने पाठा क्षेत्र के रानीपुर, गिदुरहा, मारकुंडी क्षेत्र के जंगलों में कांबिंग की। ददरी माफी गांव से सटे जंगल में डकैतों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस टीमों ने घेराबंदी शुुरू की थी लेकिन लगभग चार घंटे तक कोई मूवमेंट न होने पर पुलिस टीम को लौटना पड़ा। संभावना जताई गई कि पुलिस के पहुंचने पर डकैत जंगल की ओर भाग निकले हैं।
वही भरतकूप क्षेत्र में चौकी इंचार्ज तपेश मिश्रा ने भी भरतकूप से सटे जंगल में पुलिस फोर्स के साथ कांबिंग की। गौरतलब है कि इन दिनों इस क्षेत्र में फिर डकैतों ने सिर उठाना शुरू कर दिया है। खासकर पहली बार इनामी बनी महिला दस्यु सुंदरी साधना पटेल की तलाश में कई स्थान पर छापेमारी भी की गई।