शिवरामपुर/खोही। सीतापुर खोही मार्ग किनारे हैंडपंप से पानी भर रही वृद्धा को बेकाबू कार ने रौंद दिया। मौके पर ही वृद्धा की मौत हो गई। आसपास के लोग जब तक दौड़कर पहुंचे तब तक कार छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने कार को चौकी में खड़ी कराकर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक को पहचानते हैं। वह पत्नी को कार चलाना सिखा रहा था। घटना के समय पत्नी ही कार चला रही थी।
कुम्हारनपुरवा मनोहरगंज निवासी मुन्नीदेवी रैकवार (70) पत्नी मुन्नालाल रैकवार शाम को घर के सामने लगे हैंडपंप से पानी लेने गई थी। वह हैंडपंप चलाकर पानी भर रही थी तभी पीछे से तेज गति से एक कार आई और उसे रौंदते हुए हैंडपंप से टकरा गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोग दौड़कर वृद्धा को उठाकर निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि की। उधर, कार छोड़कर चालक भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही शिवरामपुर चौकी के सिपाही कल्लूखां आदि पहुंचे और कार को अपने कब्जे में लिया है। मृतका के पति ने बताया कि मजदूरी कर परिवार चलाता है। उसके दो लड़के हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है।