मऊ(चित्रकूट)। एनड्राइड मोबाइल फोन की मांग तुरंत पूरी न होेने पर शनिवार को चकभड़ेसर गांव में बारहवीं के छात्र ने तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पिता ने दो दिन बाद गेहूं बेचकर मोबाइल दिलाने का आश्वासन दिया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चकभड़ेसर गांव निवासी किसान विनोद पटेल का पुत्र अतुल सिंह उर्फ छोटू (17) इंटर का छात्र था। विनोद ने बताया कि शुक्रवार को अतुल ने 12 हजार रुपये वाला एनड्राइड मोबाइल फोन दिलाने की जिद की थी। विनोद ने उसे दो दिन बाद गेहूं बेचकर रुपये देने का आश्वासन दिया था। अतुल ने उस दिन पिता के साथ भोजन तो किया लेकिन उसके बाद से उदास रहने लगा था।
शनिवार सुबह विनोद ट्यूबवेल पर गए थे। पीछे से अतुल भी पहुंच गया। विनोद ने बेटे से कहा कि भाभी को बुआ के यहां से दवा दिला लाओ। इसके बाद अतुल घर आ गया और दोपहर में बरामदे में तमंचा से कनपटी में गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनते सुनकर परिजन और पड़ोसी दौडे़। अतुल लहूलुहान पड़ा था।
जानकारी मिलने पर विनोद भी घर आ गए। सूचना पर थाना प्रभारी गुलाब त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अतुल के हाथ से तमंचा बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अतुल तीन भाइयो में सबसे छोटा था। दोनों भाई दूसरे प्रांत में प्राइवेट नौकरी करते हैं।
छात्र कहां से लाया तमंचा-कारतूस
अतुल की मां का कुछ साल पहले निधन हो गया था। पिता ने उसे लाड़ प्यार से पाला था। उसने एनड्राइड फोन की जिद की थी और कीपैड वाला मोबाइल फोन तोड़कर पिता के पास दिया था। पिता ने मोबाइल बनवाकर अपना सिम लगा लिया था। पुत्र को दो हजार रुपये दिए थे और दो दिन बाद गेहूं बेचकर दस हजार रुपये देने की बात कही थी। चर्चा रही कि अतुल ने ट्यूबवेल पर तमंचा छिपाकर रखा था। तमंचा लेने ही वह सुबह ट्यूबवेल पर गया था।