चित्रकूट। राजापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के पीछे बाग में टमाटर तोड़ने गई किशोरी के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर किशोरी के हाथ बांधकर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। किशोरी की मां का आरोप है कि थाने में तहरीर देने पर भी सुनवाई नहीं हुई, जिससे वह चार दिन से न्याय पाने के लिए भटक रही है।
महिला ने बताया कि दो मार्च की शाम उसकी नाबालिग पुत्री घर के पीछे बगीचे में टमाटर तोड़ने गई थी। काफी देर तक बेटी के वापस न आने पर परिजनों ने खोजबीन की। तीन मार्च को तड़के पांच बजे किसी तरह बेसुध हालत में किशोरी घर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी दी। पीड़िता की मां ने थाने में एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मंगलवार को महिला ने एसपी व कोतवाली कर्वी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि पड़ोसी युवक अपने दो रिश्तेदार युवकों के साथ बगीचे से बेटी को जबरन ले गया और सुनसान इलाके में सामूहिक दुष्कर्म किया है। पीड़िता की मां ने एसपी से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।