फोटो-14- हाईवे पर प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लेटकर प्रदर्शन करतीं कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला भारती
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट/पहाड़ी। कर्वी विधानसभा क्षेत्र में बसपाइयों पर अभद्रता व मारपीट का आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी ने समर्थकों संग हाईवे पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रत्याशी के सड़क पर लेटने से करीब 30 मिनट तक हाईवे पर जाम लग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कांग्रेसियों को समझाबुझा कर शांत किया। इसके बाद बसपाइयों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया। वहीं बसपा प्रत्याशी ने किसी भी तरह की मारपीट व अभद्रता किए जाने की बात से इंकार किया है।
मंगलवार की शाम को पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला भारतीय ने बताया कि पूरा मामला चित्रकूट विधानसभा स्थित थाना पहाड़ी क्षेत्र के नोनार गांव का है। जहां सोमवार को जनसंपर्क के दौरान मौजूद बसपा प्रत्याशी व उनके कार्यकर्ता ने उनके व समर्थकों के साथ गाली गलौज व जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की। आरोप है कि उनका चुनाव लड़ना बसपाइयों को अखर रहा है।
वार्ता में मध्य प्रदेश क्षेत्र के चित्रकूट विधायक नीलांशु चतुर्वेदी मानिकपुर कांग्रेस प्रत्याशी रंजना बराती लाल पांडे जिला अध्यक्ष कुशल सिंह पटेल चित्रकूट विधानसभा प्रभारी ज्योति खन्ना आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर, बसपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह का कहना है कि उनके समर्थकों पर फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि कोई मारपीट व अभद्रता नहीं की गई है।