चित्रकूट। डीएम शेषमणि पांडेय की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेेट सभागार में कर करेत्तर, राजस्व वसूली एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने कहा कि अभियान चलाकर अवैध परिवहन और खनन पर कार्रवाई करें।
कहा कि माह मार्च से पहले सभी विभागों का राजस्व वसूली का लक्ष्य शत प्रतिशत पूर्ण हो जाना चाहिए। नगर निकायों के अधिकारियों से कहा कि वसूली बढ़ाएं। प्रतिदिन वसूली की समीक्षा कर साप्ताहिक रिपोर्ट दें।
डीएम ने आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि लक्ष्य के अनुरूप प्रगति और अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करें। अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि गांव में कैंप लगाकर बकाया वसूली कराएं। जिन शासकीय कार्यालयों के विद्युत बिल बकाया हैं वह बजट के सापेक्ष जमा कराएं।
खनिज अधिकारी से कहा कि वार्षिक व क्रमिक का लक्ष्य जो पूर्ण नहीं है उसे शत प्रतिशत पूरा कराएं। उपजिलाधिकारियों व तहसीलदारों से कहा कि अभियान चलाकर राजस्व वसूली कराएं। अपर जिलाधिकारी से कहा कि 15 जनवरी को जो मतदाता सूची का प्रकाशन होना है उसमें निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, अपर उप जिलाधिकारी राजबहादुर, उप जिला अधिकारी कर्वी राम प्रकाश, राजापुर राहुल कश्यप, मऊ नवदीप शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।