संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। मंदाकिनी नदी के संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक पर प्रतिबंध जैसे मुद्दों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति व जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता सीडीओ अमृतपाल कौर ने की, जिसमें आगामी कार्ययोजना तय की गई।
सीडीओ ने नदी में गिरने वाले नालों की स्थिति पर जानकारी ली। अधिशासी अधिकारी कर्वी ने बताया कि नालों की टैपिंग के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पंचायत स्तर पर स्थायी समितियों का गठन भी किया जा चुका है।
बैठक में आश्रमों व भंडारों में प्लास्टिक के प्रयोग पर रोक लगाने, पत्तल-दोने के उपयोग को बढ़ावा देने तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक व थर्माकोल उत्पादों पर दंडात्मक कार्रवाई लागू करने को कहा गया। दुकानों पर भी अभियान चलाकर प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।
इस मौके पर सीडीओ ने कहा कि नदी की स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी को जागरूक करना चाहिए। बैठक में प्रभागीय वन अधिकारी प्रत्यूष कटियार, प्रशिक्षु आईएफएस पृथ्वीराज, एसडीओ राजीव रंजन सिंह, डीडीएजी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।