फोटो नंबर-1- राजा घाट किनारे मंदाकिनी नदी में पूजन करते डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला व मौजूद अन्य सम?
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। जीवनदायिनी मंदाकिनी की स्वच्छता के लिए बृहस्पतिवार को कई समितियों ने संयुक्त अभियान की शुरुआत की। शहर के राजा घाट में डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने पूजा अर्चना कर अभियान शुरू किया। इसमें सिंचाई व जल संसाधन विभाग, वन विभाग की जिला गंगा स्वच्छता समिति, कामदगिरि स्वच्छता समिति शामिल हुईं। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक डॉ. राम नारायण त्रिपाठी ने पूजन कराया।
डीएम ने कहा कि नदी की सफाई के लिए नागरिकों ने बीड़ा उठाया है। इसकी सफाई के लिए सरकारी तंत्र भी जुटा है। बिना जन सहयोग के यह कार्य संभव नहीं है। कामदगिरि स्वच्छता समिति, एनसीसी, बुंदेली सेना आदि स्वयंसेवी संस्थाएं स्वच्छता को लेकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका से कहा कि गंगा के किनारे गड्ढे बना दिए जाएं और वहां पर बोर्ड लगाया जाए कि नदी में कृपया कचरा न फेंके। इस गड्ढे पर पूजा की सामग्री, कचरा डालें।
प्रभागीय वनाधिकारी से कहा कि नदियों के किनारे पौधरोपण का प्लान तैयार करें। अधिशासी अभियंता सिंचाई से कहा कि नदी स्वच्छता पर रूपरेखा बनाकर कार्य कराएं। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी आरके दीक्षित, अधिशासी अभियंता सिंचाई आशुतोष कुमार, ईओ राम अचल कुरील, सहायक अभियंता सिंचाई गुरु प्रसाद, कामदगिरि स्वच्छता समिति के अध्यक्ष राकेश केसरवानी, महामंत्री शंकर प्रसाद यादव, बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, चाइल्ड लाइन के अभिमन्यु सिंह आदि रहे।