फोटो-4-खाद के लिए समिति में लाइन लगाए मौजूद किसान। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। रबी की बुआई के लिए खाद न मिलने से किसान परेशान हैं। शनिवार को किसानों ने खाद बिक्री केंद्रों पर हंगामा भी किया। किसानों का आरोप है कि समितियों में खाद आने के बाद भी नहीं दी जा रही है।
जिले की सहकारी समितियों में एक सप्ताह से खाद नहीं थी। शनिवार को जब सहकारी समितियों में खाद पहुंची तो सुबह से ही किसानों की लाइन लग गई। भीड़ देखा समितियों के केंद्र प्रभारियों को पुलिस बुलानी पड़ी। शहर के गल्लामंडी परिसर में खुले इफ्को खाद बिक्री केंद्र पर किसानों ने शनिवार को हंगामा किया।
किसान छोटू सिंह, विकास पांडेय, रामकि शन, सत्यजीत, मनोज कुमार, गीता द्विवेदी, शांती देवी ने बताया कि कई दिनों से खाद के लिए चक्कर लगा रहे हैं। शनिवार को केंद्र पर दो ट्रक आई, लेकिन किसानों को खाद नहीं दी जा रही है। केंद्र पर सूचना चस्पा कर दी गई है कि आज खाद नहीं मिलेगी।
उधर, सहकारी समिति चकौंध, पहाड़ी, उत्तरी व दक्षिण किसान सेवा समिति रामनगर पर खाद के लिए किसानों की लंबी लाइनें लगी रहीं। खतौनी देखकर किसानों को एक-एक बोरी खाद दी गई। मांग के अनुरूप खाद न मिलने पर किसानों ने नाराजगी जताई।
जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला ने बताया कि जिले की 25 सहकारी समितियों में खाद पहुंचाई गई। किसान खाद के लिए बिल्कुल परेशान न हो। दो तीन दिन में डीएपी की एक और रैक आ रही है।