चित्रकूट। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के सदर कोतवाली अंतर्गत खोह गांव के पास अनियंत्रित रोडवेज बस पेड़ से टकरा गई। इससे यात्रियों में चीखपुकार मच गई। चालक परिचालक समेत कुल 15 यात्री घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक के अनुसार, सड़क पर अचानक एक बाइक आने से उसे बचाने के दौरान यह हादसा हुआ। बाइक चालक बाल-बाल बच गया।
मंगलवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे प्रयागराज डिपो की रोडवेज बस मुख्यालय चित्रकूट से प्रयागराज की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सदर कोतवाली अंतर्गत खोह गांव के पास पेट्रोल पंप पर पहुंची तो सड़क पर एक बाइक सवार आया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने बस मोड़ दी। बाइक चालक तो बाल-बाल बच गया लेकिन बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराई गई। उसका अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। बस में बैठी सवारी में चीखपुकार मच गई। बस में 35 यात्री सवार थे।
दुर्घटना होते ही यात्रियों में जल्द नीचे उतरने की होड़ मच गई। कुछ खिड़की से बाहर कूदे। इसी बीच सूचना पर रैपुरा व कोतवाली की पुलिस टीम पहुंची। एंबुलेंस से घायल ब्यूर निवासी अमित, रोहित, फूलपुर प्रयागराज निवासी अतुल, आशीष, एकता, मऊ बराह कोटरा निवासी संजय व लक्ष्मण, महुटा अतर्रा निवासी राजनंदनी, राहुल, गुलाब चंद्र, महेश कुमार, कर्वी निवासी संतोष कुमार व संदीप कुमार, चालक करछना प्रयागराज निवासी अनंतराज सिंह, परिचालक पिपराहट प्रयागराज निवासी रोहित तिवारी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस टीम ने बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य रवाना किया।