चित्रकूट। सराफा की दुकानों में जेवरात देखने के बहाने पहुंच कर चोरी करने वाली तीन महिलाओं को पुलिस ने पकड़ लिया है। इनके पास से छह सोने की अंगूठी भी बरामद हुई है। आरोपी महिलाएं कानपुर के बर्रा की रहने वाली हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एसआई जनार्दन प्रताप सिंह ने टीम के साथ मंगलवार को श्यामा देवी पत्नी बाबू सिंह यादव, पूनम यादव पुत्री बाबू सिंह यादव निवासीगण एलआईजी 144 जरौली थाना बर्रा जनपद कानपुर नगर और मिनी एलआईजी निवासी संजू गुप्ता पत्नी रविन्द्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। बरामद हुए जेवरात शिव अलंकार मंदिर ज्वैलर्स से चोरी किए गए थे। गौरतलब है कि चुन्नीलाल केसरवानी की दुकान शिव अलंकार मंदिर ज्वैलर्स रत्नावली मार्ग रामघाट सीतापुर से अज्ञात महिलओं ने चोरी की थी। सीसीटीवी फुटेज में महिलाएं चोरी करतीं दिखीं थीं, यह सब चार पहिया वाहन से दुकान पहुंची थीं। संबंधित कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।