चित्रकूट। राजस्व विभाग में हल्का लेखपाल की करतूत से अजीब स्थिति बन गई है। मामला अवैध निर्माण का था तो लेखपाल ने तीन साल पहले मर चुकी महिला के नाम नोटिस जारी करा न्यायालय में रिपोर्ट दाखिल करा दी। हैरानी यह भी कि तहसील न्यायालय से भी संबंधित के नाम गांव की नोटिस जारी होकर गांव पहुंच गई।
भरतकूप थानाक्षेत्र के भारतपुर ग्राम पंचायत के रामपुर माफी निवासी रामप्यारे उर्फ भोले पुत्र छेदीलाल रैकवार ने बताया कि उसकी पत्नी शांति देवी की 15 फरवरी 2017 को मौत हो चुकी है। इसके पूर्व उनका गांव में पड़ोसियों से भवन निर्माण को लेकर विवाद चलता था। इसी विवाद में हल्का लेखपाल ने कई बार उसकी पत्नी व परिजनों पर दबाव बनाने का प्रयास किया लेकिन मामला नहीं सुलझा। अब लेखपाल ने उनके परिजनों को परेशान करने के लिए उसकी पत्नी के खिलाफ अवैध निर्माण करने की रिपोर्ट सदर तहसील न्यायालय में 16 दिसंबर 2019 को प्रस्तुत कर दी। इसके बाद तहसील न्यायालय ने 27 दिसंबर 2019 को उसकी मृत पत्नी के नाम नोटिस भी जारी कर दी। गांव में नोटिस पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए। सभी ने जिलाधिकारी को लिखे पत्र में बताया कि लेखपाल के मन का काम न होने से उसने परिवार को परेशान करने के लिए झूठी रिपोर्ट लगा कर नोटिस जारी कराई है। इस संबंध में तहसील न्यायालय में आपत्ति भी दाखिल की गई है। पीड़ित रामप्यारे उर्फ भोले ने पूरे मामले की जांच कराकर लेखपाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने व मृत पत्नी के खिलाफ जारी नोटिस वापस करवाने की मांग की है।
महिला के मृत होने की जानकारी होने पर अब तहसीलदार दिलीप सिंह ने संबंधित लेखपाल को बुलाकर जमकर फटकारा है और उसके खिलाफ भी गलत सूचना देने की नोटिस जारी की है।