चित्रकूट। वृक्षारोपण कराने की मांग पर वन विभाग ने 500 पौधे रोपित किए जाने की वित्तीय संस्तुति शासन से मांगी है। बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर उन्होंने मांग की थी कि जिले के सभी मुक्तिधाम स्थलों के चारों ओर वन विभाग ट्री गार्ड युक्त पौधरोपण कराए। डीएफओ कैलाश प्रकाश ने मांग पर वन क्षेत्राधिकारी से जांच कराई और 12.50 लाख रुपये की लागत से 5 सौ ट्री गार्ड युक्त पौधों के रोपण का प्रस्ताव शासन में भेजा है।
मंदाकिनी में गिर रहे 16 नालों की गंदगी को निथारने के लिए दो-दो चैंबर बनाने की मांग बुंदेली सेना ने सिंचाई विभाग से की थी। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर बताया है कि मंदाकिनी नदी की सफाई और बोरियां निकालने का काम उनके विभाग द्वारा कराया जा रहा है लेकिन मंदाकिनी में गिर रहे नालों पर दो-दो चैंबर बनाने और गंदगी को निथारने का काम नगरपालिका कर्वी को करना है। अब नगर पालिका ईओ से मिलकर अनुरोध किया जाएगा।
कोलुहा जंगल को हिल स्टेशन के रूप में विकसित करने और बाण गंगा में यात्री सुविधाओं के विकास को लेकर पर्यटन अधिकारी से मांग की गई थी। सीएम पोर्टल पर पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया है कि अगले वित्तीय वर्ष की जिला योजना में इस स्थल के विकासकार्यों को प्रमुखता से सम्मिलित किया जाएगा।