चित्रकूट। मंगलवार को जिले के ग्रामीण इलाकों में जोरदार बारिश होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। प्रमुख मार्ग सहित गलियों में जलभराव हो जाने से वाहन चालकों को समस्या का सामना करना पड़ा। मानिकपुर कर्वी मार्ग के रेहुंटिया रेलवे अंडरब्रिज में पानी भर जाने से घंटों जाम लगा रहा।
कई दिनाें बाद जोरदार बारिश होने से पड़ रही गर्मी से राहत मिली। वहीं, खेतों में सूख रही धान की फसल को भी फायदा मिला। बारिश होने से हाईवे सहित ग्रामीण क्षेत्रों की कई गलियों में पानी भर गया। हाईवे में चल रहे निर्माण कई स्थानों पर अधूरा रहने से सड़क में पानी भरा रहा। जिले के मानिकपुर, मऊ, भरतकूप, शिवरापुर पहाड़ी क्षेत्र में भी बारिश हुई। इससे खरीफ की फसल को फायदा हुआ। किसान जगजीत सिंह, राहुल मिश्रा ने बताया कि कई दिनों से बारिश न होेने से फसल सूख रही थी। बारिश होने धान की फसल को फायदा हुआ है।