चित्रकूट। जिले में दो दिन से मौसम बदला हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है। इससे गर्मी से राहत मिली है। बारिश होने से किसानों के चेहरे पर खुशी देखी जा रही है। कुछ गांवों में गलियों में कीचड़ होने से समस्या आ रही है। बारिश होने पर किसानों ने खेतों की जुताई का कार्य भी शुरू कर दिया है।
रिमझिम बारिश शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में होने से गर्मी से राहत मिली है। बारिश शिवरापुर व भरतकूप क्षेत्र में अधिक हुई है। इससे बालापुर, संग्रामपुर समेत अन्य गांवों की गलियों में पानी भर जाने से कीचड़ हो गया है। इससे यहां से निकलने में लोगों को परेशानी हो रही है। बारिश होने से कई गांवों में किसानों ने खेत की जुताई भी शुरू कर दी है। किसान राजेश सिंह, महेश कुमार ने बताया कि बारिश से खरीफ की फसल के लिए फायदा होगा।
तुलसी कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. विनय कुमार ने बताया कि 21 से 24 जून तक तक गरज और चमक के साथ हल्की व माध्यम वर्षा होगी। यह बारिश खरीफ की फसल के लिए फायदेमंद है।
क्षेत्र में सोमवार की शाम बारिश के साथ तेज हवा चली। इसी बीच चिल्लीमल गांव के खेत के पास बिजली गिरी। इससे खेत में काम कर रहे किसान चुनकावन (35) व रामसिया यादव बिजली की चपेट में आ गए। चिल्लीमल गांव के ही इन किसानों को गंभीर हालत सीएचसी में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने घटना की पुष्टि की है। संवाद