चित्रकूट। सोमवार यानी आठ जून से भगवान कामदनाथ मंदिर व परिक्रमा मार्ग, होटल लॉज आदि खुलने को लेकर शनिवार को डीएम शेषमणि पांडेय ने निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत मंदिर व मस्जिद में एक समय पर पांच लोग से ज्यादा नहीं रहेंगे। 10 साल से कम व 60 साल के ऊपर वाले लोगों का मंदिर व मस्जिद में प्रवेश वर्जित होगा। मंदाकिनी नदी की आरती व जुमे की नमाज के दौरान इन स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। मंदिर में बिना मास्क प्रवेश नहीं होगा। शनिवार को डीएम, एसपी अंकित मित्तल ने इसी की तैयारी को लेकर जिले के मठ, मंदिरों, मस्जिदों के धर्मगुरुओं के साथ बैठक कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की।
डीएम ने कहा कि आठ जून से मठ, मंदिर, मस्जिद, लाज होटल आदि खोले जाने को लेकर शासन से निर्देश प्राप्त होने पर उसे प्रमुख लोगों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। फिलहाल पांच लोगों से अधिक लोग मंदिर, मस्जिदों में एक समय पर न रहें। यह लोगों में स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। पांच लोग भी दो गज की दूरी बनाकर जाएं। शहर में तीन हॉटस्पॉट सील हैं। जिले में कौन व्यक्ति कोरोना संक्रमित है और कौन नहीं। यह समझना मुश्किल है। ऐसे में जरूरी न हो तो घर में ही पूजा, अर्चना और इबादत कर सकते हैं। मंदिर व मस्जिद में लगे वॉलेटियर्स
सही तरीके से मास्क लगाए, सैनिटाइजर तथा साबुन से समय-समय पर हाथ धुलें। दर्शनार्थियों से कहें कि पांच लोगों से ज्यादा एक बार में दर्शन करने नहीं जाएं। मठ, मंदिर, मस्जिदों में बोर्ड लगा दे कि बिना मास्क प्रवेश वर्जित है। संयमित तरीके से धीरे-धीरे मठ, मंदिर व मस्जिदों को खोलें। हॉटस्पॉट के क्षेत्रों पर कोई भी धार्मिक स्थल नहीं खुलेंगे।
एसपी ने कहा कि शासन के निर्देश पर आठ जून से मठ, मंदिर, मस्जिद खुलेंगे, वहां भीड़ आएगी। इसलिए आरती व जुमा का समय पुलिस बल तैनात रहेगा। कामदगिरि प्रमुख द्वार के संत मदन गोपाल दास ने कहा कि सामाजिक दूरी के आधार पर दर्शन कराया जाएं। रामघाट में आरती स्थल पर बैरिकेडिंग तथा पुलिस की व्यवस्था हो। प्रत्येक मठ, मंदिर पर मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था रहे। मंदिरों पर प्रसाद न चढ़ाया जाए। प्रत्येक सोमवार को मतगजेंद्रनाथ मंदिर में दर्शन के लिए ही खोला जाए। वहां पर अभी जल न चढ़ाया जाए। जामा मस्जिद के धर्मगुरु ने कहा कि जनपद में कोरोना के काफी केस पाए गए हैं। इसे देखते हुए सामाजिक दूरी के साथ मस्जिदों में फर्ज नमाज अदा करेंगे। बाकी घर पर पढ़ें। बैठक में एडीएम जीपी सिंह, एसडीएम कर्वी अश्विनी कुमार पाण्डेय, पुजारी प्रदीप तिवारी, पंकज अग्रवाल, निर्मोही अखाड़ा के जमुना प्रसाद द्विवेदी, रामलीला पुरानी बाजार कर्वी के श्याम गुप्ता सहित जामा मस्जिद, नूरानी, कजियाना आदि धर्मगुरुओं मौजूद रहे।