चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के एक शेल्टर होम में ठहराए गए पांच युवक सोमवार को भाग गए। इसकी खबर मिलते ही अफसरों में हड़कंप मच गया। बाद में पुलिस ने पांचों युवकों को पकड़कर फिर शेल्टर होम पहुंचा दिया। तब अफसरों ने राहत महसूस की।
हरियाणा से आए रैपुरा गांव निवासी आशीष, आकाश व पंकज और बोडीपोखरी के दीपक व रोहित को दस दिन पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद प्राथमिक विद्यालय गोहराखास में बनाए गए शेल्टर होम में 14 दिन के लिए क्वारंटीन कराया गया था। सोमवार को यह पांचों युवक शेल्टर होम से भाग निकले। सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम शेल्टर होम पहुंची, तो वहां
कोई नहीं मिला। इसकी जानकारी फौरन मानिकपुर एसडीएम संगमलाल व मऊ सीओ विज्येंद्र द्विवेदी को दी गई। सीओ के आदेश पर रैपुरा थाना पुलिस ने इन युवकों की तलाश शुरू की। थानाप्रभारी रमेशचंद्र ने बताया कि दो युवकों को उनके घर और तीन को गांव के बाहर से पकड़ लिया गया है। इन युवकों को फिर शेल्टर होम में पहुंचा दिया गया। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
वहीं, युवकों का कहना है कि वह क्षेत्र की एएनएम से पूछकर गए थे। एएनएम ने कहा था कि उन्हें कोई बीमारी नहीं है। वह घर जा सकते हैं। एसडीएम व थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी आला अफसरों को दी है।