चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र में सातवीं कक्षा के छात्र का शव तेंदू के पेड़ से फंदे पर लटकता मिला है। छात्र के शरीर पर चोटों के निशान देख परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फंदे पर लटकाए जाने का शक जताया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के बनाड़ी गांव निवासी राजमिस्त्री मुन्ना का बेटा आकाश (13) क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ता था। सोमवार को वह स्कूल से घर लौटने के बाद दोपहर करीब तीन बजे बकरी चराने के लिए खेतों की तरफ गया था। देर शाम बकरियां जंगल से घर आ गईं, लेकिन आकाश नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। मंगलवार की सुबह देवांगना मार्ग पर तेंदू के एक पेड़ के सहारे अंगौछे से आकाश का शव फंदे पर लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। आकाश के शरीर पर चोटों के निशान देख पिता ने बेटे की हत्या कर शव फंदे पर लगाए जाने का आरोप लगाया। हत्या किसने और क्यों की। इस बारे वह कुछ नहीं बता सके।
मौके पर पहुंचे सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय व कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। इधर, आकाश की मौत से मां सरोज व भाई-बहनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। रिश्तेदार व आसपास के लोग दुखी परिजनों को सांत्वना देते रहे।