चित्रकूट। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम का लेटर पैड पर हस्ताक्षर युक्त फर्जी पत्र सोशल मीडिया व फेसबुक में वायरल करने के मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पर पहले भी ऐसी धार्मिक भावनाओं के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एक पत्र चुनाव के दिन से सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। जिसमें सपा द्वारा भाजपा को समर्थन देने की बात कही गई है। इस फर्जी लेटर को लेकर निर्वाचन आयोग और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई। जिसमें बताया गया कि यह गलत अफवाह फैलाई जा रही है। ऐसा करने वाले आरोपी पर कार्रवाई की मांग की। रैपुरा थानाध्यक्ष नागेंद्र नागर ने बताया कि आरोपी दिनेश कुमार के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।