चित्रकूट। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार में विधान परिषद बांदा, हमीरपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन के संबंध में बैठक हुई। उन्होंने निर्वाचन की अधिसूचना चार फरवरी को जारी की। इसके अनुसार नाम निर्देशन के लिए अंतिम तिथि 11 फरवरी, नाम निर्देशन की जांच 14 फरवरी को, नाम वापसी अंतिम तिथि 16 फरवरी और मतदान तीन मार्च को होगा। मतदान का समय आठ से चार बजे तक होगा। मतगणना 12 मार्च को होगी।
उन्होंने बताया कि आरओ बांदा के ही रहेंगे। विधान परिषद में पांच जगहों पर मतदान व नामांकन बांदा में होगा। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट का कार्य भी हो चुका है। जनपद बांदा से बैलट पेपर को लाना होगा। उन्होंने कहा कि स्टेशनरी, मतदाता सूची सारे मतदान स्थल पर वीडियो रिकॉर्डिंग होनी चाहिए। बैठक में मतदान कर्मियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, यातायात व्यवस्था, मतदेय स्थलों की व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता, लेखन सामग्री, प्रपत्र एवं मत पेटिकाओं आदि व्यवस्थाएं समय पर कराने के निर्देश नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारियों को दिए हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अमित आसेरी, अपर जिला अधिकारी कुंवर बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार राय आदि मौजूद रहे।