चित्रकूट। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मारकुंडी थाना क्षेत्र के छोटी पाटिन गांव में ग्रामीणों से मारपीट के मामले में मारकुंडी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनके स्थान पर 24 घंटे के अंदर नए प्रभारी की तैनाती की जाएगी।
मारकुंडी के छोटी पाटिन गांव में 25 जनवरी की देर रात एक बजे अवैध खनन के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम का उसके परिजनों से विवाद हुआ था। जिसमें देवनारायण पांडेय आदि ने पुलिस टीम पर दरवाजे तोड़कर मारपीट गाली गलौज करने और महिलाओं को पीटने के आरोप लगाए थे। वहीं थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने देवनारायण समेत छह परिजनों पर पुलिस टीम पर हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि सभी जांच रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। उनके स्थान पर नई तैनाती के लिए चुनाव आयोग को विकल्प दिए गए हैं। उम्मीद है कि 24 घंटे के अंदर नए थानाध्यक्ष की तैनाती होगी।