फोटो-6- फ्री बिजली की घोषणा पर किसानों से आन लाइन फार्म भराते सपाई। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। विधानसभा चुनाव में सपा ने अपने ट्रंपकार्ड ‘300 यूनिट फ्री बिजली’ को मूर्तरूप देने भी शुरू कर दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों विधानसभा क्षेत्रोें में किसानों से फार्म भरवाए। इनमें कुछ जगह कार्यकर्ता किसानों के घर गए, जबकि कई किसानों को पार्टी कार्यालय बुलाकर ऑनलाइन फार्म भरवाने की प्रक्रिया पूरी की गई। बुधवार को कुल 110 किसानों ने पंजीयन कराया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सूबे सपा की सरकार बनने पर प्रति किसान प्रति माह 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा किया है। जिले में घोषणा को अमलीजामा पहनाने की शुरुआत भी हो गई है। जिलाध्यक्ष अनुज यादव ने बताया कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों चित्रकूट व मानिकपुर में पार्टी कार्यालय व गांव जाकर किसानों से फार्म भरवाए जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पंजीयन कराने वालों को सपा की सरकार बनने पर पहले फायदा दिलाया जाएगा।
बुधवार को मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र में 50 और सदर चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में 60 फार्म भरवाए गए हैं। रामनगर ब्लाक क्षेत्र के लोधौरा गांव निवासी फूलचंद्र निषाद ने कहा कि इससे उन लोगों को खेती में काफी मदद मिलेगी। शहर से सटे नई दुनिया बनकट निवासी तीरथ वर्मा ने कहा कि उन्होंने पंजीयन कराया है। सपा की यह घोषणा किसानों के लिए हितकारी है। हर माह हजारों रुपये बिजली बिल का भुगतान करने से छूट मिलेगी। उस रुपये से घर परिवार के अन्य खर्च चल सकेंगे।