चित्रकूट। मुख्य विकास अधिकारी डा महेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कहा कि एक अप्रैल 2019 के बाद कितनी बालिकाएं पैदा हुई है उनकी सूचना प्राप्त कर लें। उसमें यह देखा जाए कि दो बच्चे कितने लोगों के हैं। ताकि उन्हें इस योजना से लाभान्वित कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन विभागों से आवेदन पत्र ऑफलाइन प्राप्त हुए हैं उनकी तत्काल फीडिंग कराएं तथा जिनमें कमियां हैं तो उसे संबंधित विभाग को तत्काल वापस किया जाए। 2287 आवेदन पत्र रजिस्टर्ड किए गए हैं जिसमें से 1313 फाइनल हुए हैं उन पर तत्काल कार्यवाही करें।
उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों पर भी सत्यापन कराकर आवेदन पत्र भराए जाएं और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना पर भी तेजी लाई जाए। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि शासन स्तर से जनसंख्या के अनुसार जनपद पर एक प्रतिशत का लक्ष्य रखा गया है। जिस पर कार्यवाही किया जाना है। बैठक में सभी संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।