ोटो- 13- जिला अस्पताल में भर्ती दावत खाने के बाद बीमार हुए बराती
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। शादी समारोह की दावत में खाना खाने के बाद बीमार हुए बराती व घरातियों की संख्या बढ़ती जा रही है। दावा किया गया है कि लगभग दो सैकड़ा लोग उल्टी दस्त व पेटदर्द से पीड़ित हैं। इन सबका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार कई पीड़ित की हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल लाया गया। कई को रेफर भी किया गया है। मामले की जानकारी होने पर डीएम ने सीएमओ व सीएमएस से प्रभावित लोगों का सही तरीके से इलाज कराने के निर्देश दिया हैं। सीएमओ डा. विनोद कुमार ने बताया खाने की जांच के लिए खाद्य औषधि विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है।
शहर के पुरानी बाजार निवासी मित्तू की पुत्री रुबीना की शादी शनिवार को थी। जिसमें महोबा से बरात आई हुई थी। शादी के पूर्व की सभी रस्में पूरी होने के पश्चात निकाह भी हुआ। जब भोजन के दौरान बरातियों व रिश्तेदारों ने भोजन में बनी पनीर की सब्जी व अन्य भोजन किया। इसके बाद बराती एवं घरातियों को ताबड़तोड़ उल्टियां व शौच होना प्रारंभ हुआ।
इसके बाद सभी को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। सभी को उपचार दिया जा रहा है। सोमवार को कई बराती व घराती तो इलाज कराकर घर लौट गए लेकिन कई जिला अस्पताल पहुंचे। बीमार लोगों में पुरानी बाजार निवासी सानिया पुत्री मो. शरीफ, अनीसा पत्नी असलम, अलीशा पुत्री असलम, समा परबीन पुत्री मुजफ्फर खां, अजीजा सिद्दीकी पुत्री जुबैद, असगीर, रहीम, इस्लाम, सनी, अकबर, रहीम सहित दो सैकड़ा से अधिक लोग है। डाक्टरों ने कुछ लोगों को रेफर भी किया है।
स्वास्थ्य टीम में दी दवाएं
चित्रकूट। शहर के पुरानी बाजार मोहल्ले में दावत खाने के बाद बीमार बराती व घरातियों का इलाज करने देर शाम को स्वास्थ्य विभाग की टीम मोहल्ले में पहुंची। टीम ने 130 लोगों को उल्टी दस्त व पेटदर्द की दवा दी। सीएमओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि सभी बीमार लोगों की हालत खतरे से बाहर है। जिनके घर में शादी थी उनके यहां टीम भेजकर भोजन की जांच कराई जा रही है। लगातार बीमार लोगों का इलाज किया जा रहा है।