चित्रकूटधाम मंडल के मंडलायुक्त गौरव दयाल, डीआईजी दीपक कुमार, जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने शुक्रवार को गेहूं क्रय केंद्र, जन सुविधा केंद्र शिवरामपुर व जिला अस्पताल में संचालित टेलीमेडिसिन सेंटर का निरीक्षण किया। आयुक्त ने गेहूं क्रय केंद्र पर केंद्र प्रभारी से पेयजल, सैनिटाइजर, छन्ना, कांटा, पंखा, सिलाई मशीन आदि व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी की।
इसके बाद आयुक्त ने जन सुविधा केंद्र शिवरामपुर के निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी विकास सोनी से जानकारी की। 13 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर आशा तथा एएनएम के माध्यम से निशुल्क दवाइयां भेजी गई है। जिला अस्पताल में संचालित टेलीमेडिसिन सेंटर का निरीक्षण कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनोद कुमार यादव व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आरके गुप्ता से जानकारी की। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी चिकित्सालयों पर दवाओं आदि की सुविधाएं उपलब्ध रहे।
कहीं पर कोई समस्या नहीं होनी चाहिए तथा चिकित्सकों के सुविधाओं का भी ध्यान दें। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि सरकारी चिकित्सकों के अलावा प्राइवेट चिकित्सक भी टेलीमेडिसिन के माध्यम से लोगों का इलाज कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कर्वी अश्विनी कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी रजनीश यादव, तहसीलदार दिलीप कुमार, गेहूं क्त्रस्य केंद्र के नोडल अधिकारी राजेश कुमार नायक आदि अधिकारी मौजूद रहे।