उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में तीन दिवसीय हिंदू एकता महाकुंभ का गुरुवार को पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। केंद्रीय वन राज्यमंत्री अश्वनी चौबे से पत्नी के साथ हवन में आहुतियां दीं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और धर्म के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। चित्रकूट के नये बस स्टैंड बेडीपुलिया के पास पद्म विभूषित जगदगुरु रामभद्राचार्य द्वारा आयोजित हिंदू एकता महाकुंभ के समापन पर सैकड़ों साधू संत और श्रद्धालु पहुंचे।
सभी ने मंत्रोच्चारण के साथ हवन की आहुतियां दीं। केंद्रीय राज्यमंत्री ने चौबे ने पत्नी नीता चौबे व समधन शैल मिश्रा के साथ हवन और आरती की। केंद्रीय मंत्री के पूजन के दौरान करीब आधे घंटे तक जगदगुरु के उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास ने मंत्रोच्चारण किया।
भरत मंदिर के महंत दिव्यजीवन दास, बृजेंद्र शास्त्री महराज, डॉ. कौशलेंद्र दास महराज, विपिन विराट महराज, सुदामा दास आदि ने भी मंत्रोच्चारण किया। संगीतमय मंत्रोच्चारण पर साधू संत मगभन होकर हाथ में मजीरा झंकार लेकर नाचने लगे।
पूर्णाहुति के बाद केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने कहा कि धर्मनगरी में ऐसे आयोजन तो होते रहते हैं लेकिन वर्तमान स्थितियों को देखते हुए संस्कारों और धर्म के संरक्षण लिए भारतीय संस्कृति व धर्म से जुडे़ कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिए। केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर संतुष्टि जताते हुए कहा कि विरोधी चाहे जो कुछ कहें लेकिन भाजपा सरकार देश के सही निर्माण में जुटी है।
यह भी रहे यजमान
पूर्णाहुति के दौरान महाराष्ट्र के दीनदयाल, शोभा देवी, संजय चौहान, अरुण पाठक, अमरनाथ कोर्डे, उमेश कुमार, प्रयागराज के विनोद शुक्ल, मानस शुक्ल, दिल्ली की निशा दुबे, धर्मराज, कर्वी के राहुल अग्रवाल, अभिषेक दुबे भी यजमान बने।
नौ कुंड व नौ पीठ स्थापित
कार्यक्रम में बनाये गए विशेष यज्ञ स्थल पर नौ कुंड व नौ पीठ की स्थापना की गई। जिसमें गौरीशंकर भगवान व कलश, सोडबमातृका, सप्तघृत मातृका, नवगृह, अख्खयात रुद्र, चौसठ योगिनी, छेत्रपाल, वास्तुपीठ व सर्वतोभद्र की स्थापना की गई थी।