फोटो-12- मकरी पहरा गांव के सचिवालय के पास डांस करती महिलाएं। सौ. सोशल मीडिया
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मकरी पहरा के पंचायत भवन परिसर में अश्लील गीतों पर महिला डांसरों का डांस दिन भर शहर में वायरल हुआ। डीएम ने बीडीओ को जांच के आदेश दिए हैं। पूरी जानकारी देने के लिए कहा है। उधर, प्रधान का कहना है कि यह नाच गाना एक परिवार ने निजी स्तर पर कराया था और पंचायत भवन के अंदर नहीं हुआ है।
सात जुलाई गुरुवार की रात कादर गंज निवासी कल्लू सिंह अपने रिश्तेदार मकरी पहरा निवासी राजकुमार सिंह के यहां दहिनवारा (महिला के गर्भवती होने पर मायके में होने वाला एक कार्यक्रम) देने आया था। इसी कार्यक्रम में गांव में स्थित ग्राम पंचायत भवन परिसर में नाच-गाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। रात भर नाच गाना चलता रहा। रविवार को इसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला संज्ञान में आया। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत भवन में यह बिना अनुमति के नाच गाना कराया गया है।
प्रधान सरनाम सिंह यादव का कहना है कि यह नाच गाना एक परिवार ने निजी स्तर पर कराया था। पंचायत भवन के अंदर नहीं हुआ है। पंचायत भवन में ताले लगे थे। उधर, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर सचिव व प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नाच-गाना के लिए पंचायत भवन या किसी विद्यालय की अनुमति नहीं दी जाती है।