फोटो- 9- घायल ज्योतिषाचार्य का पुत्र अनुज त्रिपाठी। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। शहर के शंकर बाजार निवासी ज्योतिषाचार्य नारायण दत्त त्रिपाठी और उनके पुत्र अनुज पर दबंगों ने घर में चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव में ज्योतिषाचार्य के शिष्य भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने भाग रहे दो आरोपियों को पकड़ लिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने तीनों घायलों को लखनऊ रेफर कर दिया है।
गुरुवार की देररात शंकर बाजार गंगा जी रोड स्थित आवास में ज्योतिषाचार्य नारायण दत्त त्रिपाठी के घर के सामने गली में कई युवक जुआ खेल रहे थे और शराब पी रहे थे। ज्योतिषाचार्य के पुत्र अनुज त्रिपाठी ने मना किया तो बहस शुरू हो गई। शोर सुनकर ज्योतिषाचार्य बाहर निकले और मामला शांत कराकर अंदर आ गए। कुछ देर बाद 8-10 युवकों ने गाली गलौज कर दरवाजा खुलवाया और ज्योतिषाचार्य पर हमला कर दिया। बचाने आए पुत्र और शिष्य को भी घायल कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है। कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि भागे आरोपियों की तलाश की जा रही है। घायल ज्योतिषाचार्य, उनके पुत्र व शिष्य को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्योतिषाचार्य व शिष्य की हालत सामान्य है। पुत्र के शरीर पर जख्म ज्यादा हैं, लेकिन हालत खतरे से बाहर है।