शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दो युवकों की कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई और करीब बीस फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार को निकालने के लिए जेसीबी का सहारा लेना पड़ा। मृतकों में एक बांदा में तैनात सिपाही का भाई है जबकि दूसरा रिटायर्ड पेशकार का बेटा है।
बुधवार की रात को बांदा के बबेरू से फूलचंद्र पुत्र प्रभुदयाल की बारात राजापुर के भदेवरा गांव आ रही थी। दूल्हे के बड़े भाई का साला राघवेंद्र कुमार (18) पुत्र स्व. रामकिशन निवासी कुंजनपुरवा कर्वी अपने दोस्त नागेश राजन (25) पुत्र रामाधार निवासी अंबेडकरनगर, बबेरू के साथ कार से बारात में शामिल होने जा रहा था।
बताया जाता है कि जैसे ही कार मलवारा गांव के पास पहुंची तो चालक नागेश का नियंत्रण गड़बड़ा गया और कार पुलिया से टकराकर करीब बीस फीट नीचे खाई में जा गिरी। उधर. बारात का कार्यक्रम जारी रहा। देर रात तक दोनों के विवाह स्थल पर न पहुंचने पर खोजबीन शुरू हुई।
मोबाइल की घंटी बज रही थी लेकिन कोई फोन नहीं उठा रहा था। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों की कार के अंदर ही मौत हो चुकी थी। परिजनों को जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। किसी तरह जेसीबी मंगाकर कार को खाई से निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मोबाइल नंबर के आधार पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया और विवाह कार्यक्रम कुछ देर के लिए बीच में ही रुक गया। बाद में दोनों पक्षों की सहमति के बाद विवाह संपन्न हुआ। राजापुर एसओ आरबी सिंह ने बताया कि रात करीब एक बजे हादसे की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर गए और जेसीबी की मदद से कार को खाई से बाहर निकाला गया।
हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। बताया गया है कि राघवेंद्र के बड़े भाई अरविंद बांदा में सिपाही के पद पर कार्यरत है। जबकि नागेश के पिता चित्रकूट में ही एडीजे न्यायालय में पेशकार के पद पर कार्यरत थे और इसी 31 जनवरी को वह रिटायर्ड हुए हैं।