प्रदर्शन करते छीतूपुर के ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
आनलाइन फीडिंग के बाद गृहस्थी राशन कार्ड की पर्ची तो मिल गई, लेकिन अब तक राशन सामग्री नहीं मिली है। जिससे ग्रामीण भटक रहे हैं। शुक्रवार को मानिकपुर ब्लाक के छीतूपुर कैलहा की केता देवी, संवरिया, पियरिया, शोभा, रज्जी, सुलेखा, रेखा, भगवती, गुड्डी, सावित्री व बगिया आदि ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर बताया कि उनके पास आनलाइन राशन कार्ड बनवाने का प्रमाण पत्र है, लेकिन अब तक सस्ता राशन नहीं मिला है।
हर बार कोटेदार उन्हें बैरंग लौटा देता है। कोटेदार कहता है कि उसका सूची में नाम नहीं है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर राशन दिलाने की मांग की। उधर पहाड़ी ब्लाक के नांदिन कुर्मियान की छोटी देवी, महरानी, रामकली, केतकी, ज्ञानवती, सुरतिया, बच्ची, केशकली, केशनिया, बुधिया, संतोषी व रजनी आदि ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि चार माह से कोटेदार राशन सामग्री नहीं दे रहा है। जिससे सूखे में परिवार चलाने में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें समाजवादी पेंशन भी नहीं मिलती।