बेटी की विदाई के समय राजापुर के बरद्वारा गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। विदाई के लिए खड़ी बस के नीचे आकर युवती के भाई की मौत हो गई। विदाई की जगह भाई की अर्थी उठते देख सभी की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद बस चालक भाग निकला।
राजापुर के बरद्वारा गांव में मंगलवार को रामेश्वर पाल की बिटिया राजदुलारी की शादी थी। बारात लौहाई (कौशांबी) में नरोत्तम पाल के घर से आई थी। बुधवार सुबह कलेवा की रस्म चल रही थी। लगभग दस बजे राजदुलारी का भाई रामसागर (30) घर में कुछ दूरी पर स्थित जनवासे से गद्दे लेकर घर आ रहा था।
वहीं पास में राजदुलारी की विदाई के लिए बस खड़ी थी। रामसागर बस के पास पहुंचा ही था कि तभी चालक ने बस स्टार्ट कर दी। रामसागर को समीप देख उसने संतुलन खो दिया और बस रामसागर को रौंदते हुए निकल गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार चालक नशे में था और घटना के बाद वह भाग निकला। घटना से हाहाकार मच गया। गमगीन माहौल में किसी तरह कलेवा की रस्म पूरी की गई।
घटना की सूचना पाकर एसओ राजापुर आरके मिश्रा मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की मौत से परिजन बदहवास हैं। मृतक के तीन बच्चे सतेंद्र, अंकिता और सागर हैं।