प्रधान के डेरे में रखी लगभग 35 बीघे की फसल रविवार की सुबह शार्ट सर्किट से लगी आग में राख हो गई। दमकल की दो गाड़ियां पहुंची, आगर पर काबू पाया, मगर तब तक फसल जल चुकी थी।
सदर ब्लाक के खजुरिहा गांव की प्रधान रजवंती देवी के डेरे में मड़ाई के लिए 35 बीघे गेहूं व अन्य फसल रखी थी। जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह अचानक थ्रेसर मशीन के पास लगी मोटर में शार्ट सर्किट हुआ। जिसकी चिंगारी से आग लग गई। यह देखकर प्रधान समेत आसपास के परिवार के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। लपटे बढ़ती देखी इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। दो गाड़ियां मौके पर आई, लेकिन तब तक आग से फसल जल चुकी थी।
प्रधान के पति शंभू यादव ने बताया कि डेरे में लगभग 40 क्विंटल गेंहू भी रखा था और कई क्विंटल फसल मड़ाई के लिए रखी थी। आग से उसकी और उसके पांच भाईयों की फसल जली है। घटना की जानकारी होते ही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव, तहसीलदार एके सिंह और पहाड़ी थानाध्यक्ष केपी दुबे मौके पर पहुंचे। पीड़ित किसान परिवार को सांत्वना देकर सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। कहा कि जल्द की कार्रवाई पूरी करके उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। प्रधान के पति ने बताया कि सूचना के बावजूद लेखपाल तीन घंटे तक मौके पर नहीं आया। जिस पर तहसीलदार ने लेखपाल राज कुमार को बुलाकर फटकार लगाई।