कानून के रखवाले ही नियमों को दरकिनार करेंगे तो आम आदमी से क्या उम्मीद की जा सकती है। चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशन पर जब पुलिस कर्मियों को कानून का उल्लंघन करते देखा गया तो उनसे नियमों की जानकारी मांगी गई। इसपर सिपाही ने जवाब दिया कि हम पुलिस कर्मी है। ऐसा नजारा यहां आएदिन देखने को मिलता है। जब बिना पार्सल बुक कराए और बाइक की टंकी में पेट्रोल भरकर पुलिस कर्मी उसे ट्रेन में लादकर ले जाते है।
गणतंत्र दिवस की सुबह जैसे ही इलाहाबाद-झांसी ट्रेन चित्रकूट स्टेशन पर आकर खड़ी हुई। प्लेटफार्म पर मौजूद पुलिस कर्मी ने अपनी बाइक को पार्सल बोगी के पास ले गया और वहां मौजूद साथियों की मदद से बाइक को डिब्बे में चढ़ा दिया। स्टेशन पर तैनात आरपीएफ कर्मी, गाड़ी का गार्ड व रेलवे के कर्मचारी यह नजारा देखते रहे। यह तब हुआ जब गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से प्लेटफार्म पर काफी सुरक्षा बल मौजूद था। अमर उजाला के रिपोर्टर ने पहचान छिपाते हुए जब पुलिस कर्मी से नियमों के बारे में जानकारी मांगी तो सिपाही का जवाब था कि हम पुलिसकर्मी है। रेल सुरक्षा को लेकर नियम यह है कि यात्रा करते समय ज्वलनशील पदार्थ लेकर चलना अपराध है।
इसलिए ही वाहन पार्सल बुक होते समय बाइक की टंकी से पेट्रोल निकाल दिया जाता है। पकड़े जाने पर जीआरपी व आरपीएफ चालान कर जुर्माना वसूलती है। ऐसे में कानून के रखवाले ही बाइक की टंकी में पेट्रोल भरकर और बगैर पार्सल बुक कराए अपनी बाइक यहां से वहां ले जा रहे है। नियमों का उल्लंघन के साथ ही इससे रेलवे को भी राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे है। दूसरा हजारों सवारियों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। ऐसे में मामूली चिंगारी से आग लग सकती है, लेकिन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का जिम्मा लेने वाले ही आंखें बंद किए है।
पुलिस कर्मी ही इस तरह बोगी में बाइक लादकर ले जाते हैं। जीआरपी के लोग उन्हें कुछ नहीं कहते हैं। यह गलत है। इससे रेलवे को राजस्व का नुकसान होने के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से भी गलत है। आगे से कार्रवाई करते हुए आरपीएफ के सहयोग से इसे रोका जाएगा। -आरएम पांडेय, स्टेशन अधीक्षक चित्रकूटधाम
बगैर पार्सल बुक कराए बाइक ले जाने पर किराए का छह गुना चार्ज वसूलकर चालान करने का प्रावधान है। प्लेटफार्म पर बिना अनुमति के बाइक लेकर आने पर कार्रवाई की जाएगी। -आरके बाजपेयी, सीटीआई
पार्सल बोगी में बगैर बुक कराए कोई भी सामान लादकर ले जाना गलत है। ऐसे में बाइक की टंकी में पेट्रोल भरकर ले जाना तो सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। मामला संज्ञान में आया है, आगे से ऐसा नहीं होगा।- जेएस पांडेय, चौकी प्रभारी आरपीएफ