बांदा। देवी दर्शन के बाद बाइक से घर जा रहे दो युवकों को बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पीछे बैठा युवक गंभीर घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में कानपुर ले जाया गया है।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के पचोखर गांव के जनकपुरवा निवासी विनोद ने बताया कि उसके बड़े भाई रवि कुमार (30) अपने पड़ोसी पप्पी पांडे (30) के साथ मंगलवार को खड़ी पहाड़ देवी दर्शन के लिए गए थे। रात में दोनों लोग बाइक से वापस घर लौट रहे थे। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पल्हरी गांव के पास पीछे से आई बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी अतर्रा में पहुंचाया गया। वहां दोनों को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाद में जिला अस्पताल से भी उन्हें कानपुर रेफर किया गया। परिजनों ने कानपुर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर बुधवार को गांव आए। यहां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वह चार भाइयों में बड़ा था। केरल में स्थित समुद्र में नाव चलाने का काम करता था। पांच दिन पहले गांव आया था। घर में पत्नी पूनम व दो पुत्र हैं। अतर्रा कोतवाली इंस्पेक्टर ऋषिदेव सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में मौत हुई थी।