चित्रकूट। सीतापुर चौकी क्षेत्र के रानीपुर भट्ट स्थित भाजपा नेता के लॉज के कमरों से अज्ञात चोरों ने हजारों रुपये का माल उड़ा दिया। घटना की जानकारी लेकर दूसरे भाजपा नेता कोतवाली पहुंचे जहां प्रभारी कोतवाल से तहरीर लेने को लेकर जमकर विवाद हो गया। तीखी नोंकझोंक होने के दौरान कोतवाली परिसर के सभी कर्मचारी व आसपास के स्थानीय लोग भी आ गए। प्रभारी कोतवाल और भाजपा नेता दोनों एक दूसरे पर अपशब्द व अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते रहे। लगभग आधे घंटे बाद कोतवाली के ही एक सीनियर एसएसआई ने मामला शांत कराया।
भाजपा नेता ने बताया कि शनिवार रात अज्ञात चोरों ने उनके लॉज में चोरी कर हजारों रुपये का माल पार कर दिया है। इसकी जानकारी सीतापुर चौकी में दी गई तो चौकी प्रभारी ने रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराने को कहा। इसके बाद शाम को एक अन्य भाजपा नेता व्यापार मंडल के पदाधिकारी के साथ कोतवाली में तहरीर लेकर पहुंचे। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि परिसर में मौजूद प्रभारी कोतवाल ने बेहद कड़े अंदाज में बाद में तहरीर लाने को कहा। इस पर आपत्ति दर्ज कराई गई तो वह उखड़ गए और अपशब्दों का प्रयोग कर मोबाइल में गेम खेलने लगे। इसी से नाराज भाजपा नेता ने भी उन्हें जनता से सभ्यता से पेश आने व रिपोर्ट दर्ज करने को कहा। यह भी कहा कि रिपोर्ट अभी दर्ज न करना हो तो एक प्रति अपने पास रख लें लेकिन वह तैयार नहीं हुए।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी देर तक तेज आवाज में कहासुनी नोकझोंक होती रही। कोतवाली में मौजूद सभी दरोगा व सिपाही भी पहुंचे आसपास के कुछ लोग भी कोतवाली आ गए। इसी बीच एक अन्य एसएसआई ने तहरीर लेकर मामले को शंात करा दिया। इस मामले में प्रभारी कोतवाल ने बताया कि उनकी गलती नहीं है। भाजपा नेता तत्काल एफआईआर दर्ज करने को कह रहे थे उन्हें इंतजार करने को कहा गया था।